विश्व पोलियो उन्मूलन दिवस पर पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, विधायक रेणुका सिंह ने नवजात को पिलाई पोलियो की खुराक

जिला कोरिया। विश्व पोलियो उन्मूलन दिवस के अवसर पर कोरिया जिले में पल्स पोलियो अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। यह अभियान कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह के नेतृत्व में संचालित किया जा रहा है।
बैकुंठपुर स्थित ओड़गी स्कूल के पोलियो बूथ पर कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री मोहित पैकरा एवं जनपद पंचायत सीईओ की उपस्थिति में बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाकर अभियान की शुरुआत की गई।
वहीं सोनहत विकासखंड के ग्राम घुघरा स्थित पोलियो बूथ में सोनहत-भरतपुर विधायक श्रीमती रेणुका सिंह ने स्वयं 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभिभावकों को जागरूक किया।
इस अभियान के अंतर्गत जिले में कुल 34,668 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए विकासखंड बैकुंठपुर में 157, सोनहत में 100 तथा तहसील बचरापोडी में 84 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं, जहां अभियान के प्रथम दिवस बच्चों को ड्रॉप पिलाई गई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह ने बताया कि यह अभियान जिले एवं राज्य को पूर्णतः पोलियो मुक्त बनाए रखने तथा वाइल्ड पोलियो वायरस के संभावित प्रसार को रोकने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है।
उन्होंने कहा कि कोई भी बच्चा पोलियो से वंचित न रहे, इसके लिए जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों, स्वास्थ्य अमले, मितानिनों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय जनसमुदाय की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है।
अभियान के दौरान पहले दिन छूटे हुए बच्चों को मॉप-अप दिवस (द्वितीय एवं तृतीय दिवस) पर स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा घर-घर जाकर पोलियो ड्रॉप पिलाई जाएगी, ताकि अंतिम बच्चे तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा सकें।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ