पटना तहसील के पटवारी अमरेश कुमार पाण्डेय निलंबित, वायरल वीडियो में शासकीय कार्य के एवज में अवैध राशि की मांग


जिला कोरिया। जिले के पटना तहसील अंतर्गत पदस्थ पटवारी अमरेश कुमार पाण्डेय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई 23 दिसंबर 2025 को सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के आधार पर की गई है, जिसमें संबंधित पटवारी हल्का नंबर 06, अमहर राजस्व निरीक्षक मंडल क्षेत्र में शासकीय कार्य के एवज में अवैध रूप से पैसे की मांग करते हुए स्पष्ट रूप से नजर आ रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आदेश क्रमांक 4729/अ.वि.अ./का.गो./2025 के तहत यह कार्रवाई की गई है। जांच में प्रथम दृष्टया यह पाया गया कि श्री पाण्डेय द्वारा किया गया कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम 03 का उल्लंघन है, जो कदाचार की श्रेणी में आता है।

इसी आधार पर छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम 09 (1) के अंतर्गत उन्हें निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में उन्हें शासन के नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। साथ ही, उनका मुख्यालय अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), बैकुण्ठपुर निर्धारित किया गया है।

जिला प्रशासन ने इस मामले में त्वरित एवं सख्त कार्रवाई करते हुए स्पष्ट संदेश दिया है कि भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति के तहत किसी भी स्तर पर अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वायरल वीडियो में पटवारी की संलिप्तता स्पष्ट रूप से परिलक्षित होने के बाद यह कड़ा कदम उठाया गया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ