जिला कोरिया। जिला कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी के निर्देश एवं मार्गदर्शन में खदौरा हाट बाजार, जिला कोरिया में आयुष विभाग द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों तक आयुष चिकित्सा सेवाओं की सुलभ पहुंच सुनिश्चित करना, परंपरागत चिकित्सा पद्धतियों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा मौसम के अनुरूप आहार-विहार एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति लोगों को प्रेरित करना रहा।
जिला आयुष अधिकारी डॉ. एलविना ग्रेस टोप्पो ने बताया कि वर्तमान समय में बदलती जीवनशैली, असंतुलित खानपान एवं अनियमित दिनचर्या के कारण अनेक प्रकार की बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। साथ ही मौसम में हो रहे उतार-चढ़ाव के कारण भी स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं उत्पन्न होती हैं। ऐसे में आयुष चिकित्सा पद्धतियों के माध्यम से रोगों की रोकथाम, उपचार एवं स्वस्थ जीवन के उपायों की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि शिविर के दौरान रोगियों की स्वास्थ्य जांच की गई, उन्हें आयुष पद्धतियों की जानकारी दी गई तथा निःशुल्क दवाओं का वितरण किया गया। शिविर में आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति के अंतर्गत 87 मरीजों तथा यूनानी चिकित्सा पद्धति के माध्यम से 52 मरीजों का उपचार किया गया। इस प्रकार कुल 139 रोगियों को चिकित्सा सेवाएं प्रदान की गईं। इसके साथ ही लोगों को नियमित योगाभ्यास अपनाने, दिनचर्या सुधारने और संतुलित आहार लेने के लिए भी प्रेरित किया गया।
इसके अतिरिक्त दूरस्थ ग्राम इन्द्रपुर में भी आयुष विभाग द्वारा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जहां 49 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाओं का निःशुल्क वितरण किया गया। इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है तथा लोगों में आयुष चिकित्सा के प्रति विश्वास और जागरूकता देखने को मिली है।
शिविर को सफल बनाने में डॉ. आर. एस. यादव (आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी), डॉ. नाजिया अंसारी (यूनानी चिकित्सा अधिकारी), डॉ. सौरभ सिंह (आयुष चिकित्सक), रामरती (आर.एच.ओ.), फार्मासिस्ट श्री रोहित भार्या, प्रशांत सिंह एवं श्रवण (वार्ड बॉय) का सराहनीय एवं सक्रिय योगदान रहा।
आयुष विभाग के इस प्रयास से न केवल ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को स्वास्थ्य लाभ मिला, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की दिशा में भी एक सकारात्मक संदेश गया।
0 टिप्पणियाँ