वीर बाल दिवस’ के अवसर पर जिले में विविध कार्यक्रम आयोजित, स्कूल–कॉलेजों में बौद्धिक संगोष्ठी, भाषण, चित्रकला व सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं संपन्न


जिला कोरिया। ‘वीर बाल दिवस’ के अवसर पर जिलेभर में विविध शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी के मार्गदर्शन में जिले के विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों में यह कार्यक्रम उत्साहपूर्वक संपन्न हुए।
उल्लेखनीय है कि वीर बाल दिवस के उपलक्ष्य में केंद्र सरकार द्वारा देशभर में अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन आयोजनों का उद्देश्य सिख धर्म के दसवें गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के पुत्र साहिबजादे बाबा जोरावर सिंह जी एवं बाबा फतेह सिंह जी के असाधारण साहस, अद्वितीय बलिदान एवं शौर्य से जनसामान्य, विशेषकर युवाओं को अवगत कराना है। साथ ही भारतीय इतिहास के युवा नायकों की वीरता और त्याग को सम्मानपूर्वक स्मरण करना भी इन कार्यक्रमों का प्रमुख उद्देश्य है।
इस अवसर पर जिले के विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में बौद्धिक संगोष्ठी, भाषण प्रतियोगिता, चित्रकला (पेंटिंग), रंगोली प्रतियोगिता, कविता पाठ सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों में देशभक्ति, साहस, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा की भावना को सुदृढ़ करने का प्रयास किया गया।

गौरतलब है कि 9 जनवरी 2022 को श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 26 दिसंबर को ‘वीर बाल दिवस’ के रूप में मनाने की घोषणा की गई थी, ताकि साहिबजादों की शहादत और उनके अद्वितीय बलिदान को सदा स्मरण रखा जा सके तथा आने वाली पीढ़ियों को इससे प्रेरणा मिलती रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ