जिला कोरिया। कोरिया जिले में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के अंतर्गत अकुशल श्रमिकों को स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए प्रोजेक्ट उन्नति 2.0 के तहत विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य जिले में प्रगतिरत प्रधानमंत्री आवास योजना के लक्ष्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने हेतु ग्राम पंचायत स्तर पर प्रशिक्षित राजमिस्त्रियों की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।
इस योजना के अंतर्गत मनरेगा में पंजीकृत ऐसे युवा श्रमिक, जो लगातार 60 दिवस से अधिक अकुशल श्रम कर चुके हैं, उन्हें निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। प्रशिक्षण आर-सेटी (RSETI) के माध्यम से ऑफलाइन मोड में संचालित किया जा रहा है, जिससे युवाओं का कौशल विकास कर उन्हें बेहतर आजीविका के अवसर उपलब्ध कराए जा सकें।
प्रोजेक्ट उन्नति 2.0
मनरेगा के तहत प्रत्येक पंजीकृत परिवार को 100 दिवस का अकुशल रोजगार उपलब्ध कराया जाता है। इसके साथ ही प्रोजेक्ट उन्नति 2.0 के माध्यम से निरंतर कार्यरत युवाओं को कौशल उन्नयन का अवसर देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया जा रहा है।
35 युवाओं को दिया जा रहा राजमिस्त्री प्रशिक्षण
प्रोजेक्ट उन्नति 2.0 के अंतर्गत इस चरण में सोनहत जनपद पंचायत से 35 युवाओं का चयन किया गया है। इनमें ग्राम पंचायत मधौरा से 16, लटमा से 15 एवं कटगोड़ी से 4 युवा शामिल हैं। सभी युवाओं को मैदानी (प्रायोगिक) प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।
एक माह में बनेंगे कुशल राजमिस्त्री
आर-सेटी के माध्यम से संचालित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ 8 दिसंबर से हुआ है, जो 7 जनवरी तक चलेगा। जिला पंचायत कोरिया के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने प्रशिक्षण के प्रथम दिवस आर-सेटी पहुंचकर युवाओं का उत्साहवर्धन किया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिदिन मैदानी सत्र आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे युवाओं को व्यावहारिक अनुभव मिल सके।
प्रधानमंत्री आवास योजना को मिलेगी गति
डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने बताया कि कलेक्टर एवं जिला कार्यक्रम समन्वयक मनरेगा श्रीमती चंदन त्रिपाठी के निर्देशानुसार प्रधानमंत्री आवास योजना के लक्ष्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के लिए व्यापक प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशिक्षित राजमिस्त्रियों की उपलब्धता से सोनहत क्षेत्र सहित पूरे जिले में आवास निर्माण कार्य को नई गति मिलेगी।
0 टिप्पणियाँ