जिला मुख्यालय अटल परिसर में सुशासन दिवस कार्यक्रम का आयोजन, अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर पुष्पांजलि, स्वच्छता अभियान और सुशासन की शपथ

जिला कोरिया। देश के पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती के अवसर पर जिले भर में सुशासन दिवस गरिमामय रूप से मनाया गया। इस अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित अटल परिसर सहित जिले के गांवों, कस्बों एवं शहरों में स्थापित अटल चौक में ग्रामीणों एवं नागरिकों द्वारा अटल जी की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
सुशासन दिवस के अवसर पर जिले में व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। शासकीय एवं अशासकीय परिसरों में साफ-सफाई कर कचरे का निस्तारण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में आम नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता निभाई।
विदित हो कि पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी का जन्मदिन प्रतिवर्ष सुशासन दिवस के रूप में मनाया जाता है। इसी क्रम में अटल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित सभी जनों ने सुशासन की शपथ ली।
शपथ के दौरान उपस्थितजनों ने कहा मैं सत्य निष्ठा से शपथ लेता/लेती हूँ कि मैं प्रदेश में सुशासन के उच्चतम मापदंडों को स्थापित करने के लिए सदैव संकल्पित रहूँगा/रहूँगी। शासन को अधिक पारदर्शी, सहभागी, जनकल्याण केंद्रित एवं जवाबदेह बनाने के लिए हरसंभव प्रयास करता/करती रहूँगा/रहूँगी तथा प्रदेश के नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार लाने के लक्ष्य को प्राप्त करने हेतु सदैव तत्पर रहूँगा/रहूँगी।
इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कोरिया श्री उमेश पटेल, नगर पालिका बैकुंठपुर की अध्यक्ष श्रीमती नविता शिवहरे, स्थानीय जनप्रतिनिधि, जिले के गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सभी ने अटल जी के सुशासन, राष्ट्रनिर्माण और लोकतांत्रिक मूल्यों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ