जिला कोरिया। सुप्रीम कोर्ट के हालिया निर्देशों के बाद देशभर के नगर निकायों को आवारा कुत्तों के बेहतर प्रबंधन के लिए कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में नगर पालिका परिषद बैकुंठपुर ने सोमवार को शहरभर में विशेष अभियान चलाकर आवारा कुत्तों को पकड़ने की कार्रवाई शुरू की। यह अभियान नगर पालिका के मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री संजय दुबे के नेतृत्व में संचालित किया गया।
विशेष टीम द्वारा शहर के मुख्य बस स्टैंड, राम चौक, चरचा रोड, पोस्ट ऑफिस चौराहा, विद्यालय क्षेत्रों और वार्डों में घुमंतू कुत्तों की तलाश कर उन्हें सुरक्षित तरीके से पकड़ा गया। पकड़े गए कुत्तों को पशुपालन विभाग की टीम के सहयोग से पशु देखभाल केंद्र में ले जाया जा रहा है, जहां उनकी नसबंदी, टीकाकरण और संपूर्ण स्वास्थ्य परीक्षण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
पालिका प्रशासन के अनुसार इस अभियान का उद्देश्य शहर में अनियंत्रित रूप से बढ़ रही कुत्तों की संख्या पर नियंत्रण करना तथा लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। पिछले कुछ महीनों में शहर के कई क्षेत्रों से कुत्तों के झुंड द्वारा बच्चों व बुजुर्गों को दौड़ाने एवं काटने जैसी घटनाएँ सामने आई थीं, जिसे देखते हुए यह अभियान अत्यंत आवश्यक माना जा रहा है।
सीएमओ श्री संजय दुबे ने बताया कि आक्रामक और हमलावर स्वभाव वाले कुत्तों को प्राथमिकता के आधार पर पकड़ा जा रहा है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह प्रक्रिया पूरी तरह मानवीय तरीके से की जा रही है और पकड़े गए कुत्तों को कोई हानि नहीं पहुँचाई जाएगी।
उन्होंने कहा नगर पालिका द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान का मूल उद्देश्य कुत्तों का उन्मूलन नहीं, बल्कि नियंत्रित आबादी और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना है। इस अभियान को चरणबद्ध रूप से आगे भी जारी रखा जाएगा, जब तक शहर पूरी तरह सुरक्षित नहीं हो जाता।
सीएमओ दुबे ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि लोग अपने स्तर पर किसी भी आवारा कुत्ते को पकड़ने का प्रयास न करें छोटी उम्र के बच्चों को ऐसे कुत्तों से दूर रखें यदि किसी नागरिक को कुत्ता काट ले तो अस्पताल में तुरंत जांच, उपचार और एंटी-रेबीज टीकाकरण अवश्य करवाएँ।
नगर पालिका ने यह भी बताया कि नागरिक यदि अपने वार्ड में आवारा कुत्तों की अधिक संख्या देखें तो इसकी सूचना तुरंत पालिका नियंत्रण कक्ष या संबंधित वार्ड प्रभारी को दें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।
नगर पालिका परिषद ने भरोसा दिलाया कि शहर में सुरक्षित, स्वच्छ और भयमुक्त वातावरण के लिए प्रशासन हर आवश्यक कदम उठाता रहेगा और इस अभियान का दायरा आवश्यकता के अनुसार आगे बढ़ाया जाएगा।
0 टिप्पणियाँ