सरगुजा रेंज आईजी दीपक कुमार झा ने किया जिला कोरिया का वार्षिक निरीक्षण, सायबर सुरक्षा, अपराध निराकरण और पुलिसिंग की गुणवत्ता पर दिया विशेष जोर

जिला कोरिया। सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक श्री दीपक कुमार झा (भा.पु.से.) द्वारा दिनांक 12 एवं 13 दिसंबर 2025 को जिला कोरिया का वार्षिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान जिले की पुलिस व्यवस्था, कार्यालयीन कार्यप्रणाली, थानों की कार्यकुशलता, सायबर अपराध नियंत्रण एवं जनसेवा से जुड़े विभिन्न पहलुओं का गहन मूल्यांकन किया गया।

थाना चरचा का निरीक्षण, सख्त निर्देश

वार्षिक निरीक्षण के पहले दिन आईजी सरगुजा ने थाना चरचा का निरीक्षण किया। उन्होंने थाने में संधारित पंजियों, शस्त्रागार, मालखाना एवं सीसीटीएनएस कक्ष का बारीकी से अवलोकन किया। आईजी ने गंभीर अपराधों की विवेचना स्वयं करने, लंबित समंस-वारंट की शीघ्र तामिली, गुमशुदा बच्चों एवं चिटफंड मामलों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।साथ ही उन्होंने लंबे समय से लंबित सायबर फ्रॉड शिकायतों का त्वरित निराकरण करने और आम नागरिकों से सौहार्दपूर्ण व्यवहार सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।
पुलिस ऑफिसर्स मेस का उद्घाटन

निरीक्षण के दौरान आईजी सरगुजा ने रक्षित केंद्र कोरिया में नवनिर्मित पुलिस ऑफिसर्स मेस का फीता काटकर उद्घाटन किया।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय का गहन निरीक्षण

इसके पश्चात आईजी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने रिकॉर्ड संधारण, समयबद्ध कार्य निष्पादन एवं कार्यालयीन अनुशासन पर विशेष जोर दिया।
सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों को समय पर पेंशन एवं अन्य देयकों के भुगतान हेतु मुख्य लिपिक को निर्देशित किया गया।
परेड निरीक्षण व वाहन शाखा की समीक्षा

अगले दिन प्रातः आईजी सरगुजा ने रक्षित केंद्र कोरिया में परेड की सलामी ली एवं परेड निरीक्षण किया। सरगुजा पुलिस बैंड की प्रस्तुति ने आयोजन को विशेष बना दिया।
इसके बाद वाहन शाखा का निरीक्षण कर शासकीय वाहनों के रख-रखाव, मेंटेनेंस एवं संचालन की जानकारी ली गई। सभी वाहनों को आपात परिस्थितियों के लिए सदैव तैयार रखने के निर्देश दिए गए।

शस्त्रागार एवं स्टोर शाखा का निरीक्षण

आईजी ने शस्त्रागार एवं स्टोर शाखा का निरीक्षण कर शस्त्रों एवं सामग्री के रख-रखाव की समीक्षा की। अनुपयोगी सामग्रियों के नष्टीकरण एवं मुख्यालय वापसी हेतु निर्देश दिए गए।

आईजी दरबार में सुनीं समस्याएं

निरीक्षण के पश्चात पुलिस दरबार आयोजित कर अधिकारियों व कर्मचारियों की समस्याएं सुनी गईं। आईजी ने समस्याओं के त्वरित समाधान का आश्वासन देते हुए संवेदनशील, जनसेवा-केंद्रित एवं स्मार्ट पुलिसिंग पर बल दिया।

सायबर जागरूकता संवाद कार्यक्रम

अंत में आईजी सरगुजा जिला पंचायत बैकुंठपुर के ऑडिटोरियम में आयोजित सायबर जागरूकता संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने आम नागरिकों, महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं पुलिस कर्मियों को ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया दुरुपयोग, डिजिटल लेन-देन में सावधानी, मजबूत पासवर्ड एवं संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना देने के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि सायबर सुरक्षा वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है, और जनसहभागिता से ही सुरक्षित डिजिटल वातावरण का निर्माण संभव है।

उपस्थित अधिकारी

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक कोरिया श्री रवि कुमार कुर्रे (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पंकज पटेल, एसडीओपी श्री राजेश साहू, डीएसपी (बालक विरुद्ध अपराध) श्री जे.पी. भारतेन्दु, रक्षित निरीक्षक श्री नितीश आर. नायर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ