जिला कोरिया। नगर पालिका शिवपुर चरचा के सुभाष नगर स्थित दुर्गा पूजा पंडाल एक बार फिर आध्यात्मिक ऊर्जा और धार्मिक आस्था का केंद्र बनने जा रहा है। यहां 20 जनवरी से 26 जनवरी 2026 तक भव्य श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान का आयोजन किया जा रहा है, जो निरंतर एक सप्ताह तक चलेगा। कथा के समापन अवसर पर 27 जनवरी 2026 को विशाल भंडारे का आयोजन कर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया जाएगा।
इस भव्य धार्मिक आयोजन का शुभारंभ 20 जनवरी 2026, मंगलवार को प्रातः 9:00 बजे सुभाष नगर दुर्गा पंडाल से निकाली जाने वाली भव्य कलश यात्रा से होगा। कलश यात्रा नगर भ्रमण करते हुए छठ घाट पहुंचेगी, जहां वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान से कलश पूजन संपन्न होगा। पूजन पश्चात यात्रा जगन्नाथ मंदिर, बीटीसी शिव मंदिर एवं हनुमान मंदिर होते हुए पुनः सुभाष नगर दुर्गा पूजा पंडाल व शिव मंदिर पहुंचेगी। यहां प्रभात फेरी के बाद कलश का विधिवत आस्थापन किया जाएगा।
दोपहर 3 बजे से प्रतिदिन होगी भागवत कथा
कथा के प्रथम दिन से ही प्रतिदिन दोपहर 3:00 बजे से श्रीमद्भागवत कथा का वाचन किया जाएगा। इस पावन कथा का वाचन प्रख्यात कथा वाचिका सुश्री साध्वी सरस्वती जी द्वारा किया जाएगा, जिनकी ओजस्वी वाणी, भावपूर्ण प्रवचन और धर्मोपदेश देशभर में श्रद्धालुओं को आत्मिक शांति एवं संस्कारों की ओर प्रेरित करते रहे हैं।
भारत की शेरनी साध्वी सरस्वती का चरचा में दूसरा आगमन
सुश्री साध्वी सरस्वती जी को क्षेत्रवासी स्नेहपूर्वक “भारत की शेरनी” के नाम से जानते हैं। उनका यह चरचा क्षेत्र में दूसरा आगमन होगा। इससे पूर्व श्रमवीर स्टेडियम में आयोजित एक दिवसीय कार्यक्रम में उनके प्रभावशाली प्रवचनों ने सैकड़ों नहीं बल्कि हजारों श्रद्धालुओं को धर्म, सेवा और संस्कार के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया था। उस ऐतिहासिक आयोजन की स्मृतियां आज भी क्षेत्रवासियों के मन में जीवंत हैं।
इसी कारण उनके पुनः आगमन की खबर से ही पूरे चरचा कॉलरी क्षेत्र में भारी उत्साह और धार्मिक उल्लास का माहौल बना हुआ है। श्रद्धालु बड़ी संख्या में कथा श्रवण हेतु तैयारियों में जुटे हुए हैं।
तैयारियां जोरों पर, सजा पंडाल, सेवा में जुटे युवा
श्रीमद्भागवत कथा को भव्य रूप देने हेतु सर्व हिंदू समाज एवं नवयुवक संघ, सुभाष नगर चरचा द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। पंडाल की सजावट, प्रकाश व्यवस्था, ध्वनि प्रणाली, श्रद्धालुओं की बैठक व्यवस्था, स्वच्छता एवं सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। वहीं नवयुवक संघ के सदस्य सेवा भावना के साथ व्यवस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
धार्मिक एकता और सामाजिक समरसता का संदेश
यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित न होकर धार्मिक एकता, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक चेतना का संदेश भी देता है। आयोजकों का मानना है कि श्रीमद्भागवत कथा के माध्यम से समाज में नैतिक मूल्यों, संस्कारों और आपसी भाईचारे को सशक्त किया जा सकता है।
आयोजकों की अपील
आयोजन समिति ने चरचा कॉलरी सहित आसपास के सभी क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण करें और पुण्य लाभ अर्जित करें।
कार्यक्रम आयोजित में धर्मेंद्र सिंह, रोशन ओझा, राम सिंह, दिपक ठाकुर, साहिबा सेठी, संजय साहू, सूरज सिन्हा, राहुल मलिक सहित सर्वे हिन्दू समाज के सदस्य गण कि मोजुदगी में सम्पन्न किया जाएगा।
0 टिप्पणियाँ