आवारा कुत्तों के टीकाकरण अभियान पर उठे सवाल, सीमा विवाद से अटका बस स्टैंड क्षेत्र

जिला कोरिया। शिवपुर-चरचा नगर पालिका क्षेत्र में आवारा कुत्तों के वैक्सीनेशन को लेकर चलाया जा रहा विशेष अभियान लगातार गति पकड़ रहा है। बुधवार से प्रारंभ हुए इस अभियान को नगर पालिका अधिकारी वशिष्ठ कुमार ओझा के निर्देशानुसार तथा नगर पालिका अध्यक्ष अरुण जयसवाल के नेतृत्व में व्यापक रूप से संचालित किया जा रहा है। नगर पालिका की टीम शहर के विभिन्न वार्डों में पहुंचकर आवारा कुत्तों का टीकाकरण कर रही है, जिससे कुत्तों के हमले, संभावित दुर्घटनाओं और संक्रमण की आशंकाओं को कम किया जा सके।
हालांकि, अभियान के बीच चरचा क्षेत्र के बस स्टैंड एवं रेलवे स्टेशन के आसपास आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि उक्त क्षेत्र में बड़ी संख्या में आवारा कुत्ते जमा रहते हैं, जहां प्रतिदिन सैकड़ों यात्री, महिलाएं, बुजुर्ग और छोटे-छोटे बच्चे आवाजाही करते हैं। इसके बावजूद यहां अब तक टीकाकरण नहीं हो सका है।
नगर पालिका के कुछ अधिकारी-कर्मचारियों का कहना है कि बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन का यह इलाका ग्राम पंचायत की सीमा में आता है, इसलिए नगर पालिका द्वारा वहां टीकाकरण नहीं किया जा सकता। वहीं, स्थानीय नागरिकों का दावा है कि बस स्टैंड का हिस्सा नगर पालिका शिवपुर-चरचा के वार्ड क्रमांक 1 में आता है। ऐसे में सीमा को लेकर भ्रम और जिम्मेदारी से बचने के आरोप लग रहे हैं।

लोगों ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते इस क्षेत्र में आवारा कुत्तों का टीकाकरण नहीं कराया गया, तो किसी बड़ी दुर्घटना या गंभीर घटना से इंकार नहीं किया जा सकता। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि सीमा विवाद को दरकिनार कर जनहित में तत्काल कार्रवाई की जाए और बस स्टैंड व रेलवे स्टेशन परिसर में भी टीकाकरण अभियान चलाया जाए, ताकि आमजन स्वयं को सुरक्षित महसूस कर सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ