जिला अस्पताल में हृदय रोग जांच शिविर आयोजित, 84 बच्चों की निःशुल्क हृदय जांच, 13 में सीएचडी की पुष्टि

जिला कोरिया। हम संजोएं हर मुस्कान, स्वस्थ छत्तीसगढ़ की है पहचान” के संकल्प के साथ राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) चिरायु अंतर्गत जिला चिकित्सालय बैकुंठपुर में शनिवार को हृदय रोग जांच शिविर का आयोजन किया गया।
कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशानुसार एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह के मार्गदर्शन में यह शिविर 20 दिसंबर 2025 को प्रातः 9 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित हुआ।
शिविर में एमएमआई नारायणा हॉस्पिटल, रायपुर से वरिष्ठ सलाहकार एवं क्लीनिकल लीड डॉ. सुमंता शेखर पाढ़ी अपनी टीम मैनेजर श्री उपेन्द्र शुक्ला, श्री खुमेशर लहरे एवं ईको टेक्नीशियन वेद प्रकाश के साथ उपस्थित रहे। शिविर का आयोजन स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, बैकुंठपुर के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
84 बच्चों की जांच, 13 में हृदय रोग की पुष्टि

शिविर में 0 से 18 वर्ष आयु वर्ग के कुल 84 चिन्हांकित बच्चों का ईको परीक्षण किया गया, जिसमें 13 बच्चों में जन्मजात हृदय रोग (सीएचडी) की पुष्टि हुई। इन सभी बच्चों को एमएमआई नारायणा हॉस्पिटल, रायपुर में निःशुल्क उपचार एवं ऑपरेशन के लिए ले जाया जाएगा।

आरबीएसके चिरायु टीम द्वारा कन्फर्म मरीजों को रायपुर तक ले जाने, ऑपरेशन के बाद सुरक्षित घर तक पहुंचाने तथा नियमित फॉलो-अप की व्यवस्था की जाती है, जिससे बच्चों को समय पर उपचार मिल सके और असामयिक मृत्यु से बचाया जा सके।
अधिकारियों के वक्तव्य

कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने कहा कि जिले के बच्चों के स्वास्थ्य में सुधार के लिए प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रहा है। उन्होंने बच्चों के माता-पिता का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि चिरायु योजना से उपचारित बच्चे आज सामान्य जीवन जी रहे हैं।

जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने इसे सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि निःशुल्क जांच एवं उपचार से बच्चों का भविष्य सुरक्षित हो रहा है, जो जिले की उत्कृष्ट स्वास्थ्य व्यवस्था को दर्शाता है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह ने बताया कि आरबीएसके चिरायु टीम द्वारा जिले में निरंतर निःशुल्क जांच एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। आज जांच किए गए कन्फर्म मामलों में बच्चों को रायपुर ले जाकर निःशुल्क ऑपरेशन कराया जाएगा।
डॉ. सुमंता शेखर पाढ़ी ने कहा कि समय पर ऑपरेशन के बाद बच्चे पूर्णतः सामान्य जीवन व्यतीत कर सकते हैं और यह कार्यक्रम जरूरतमंद बच्चों के लिए अत्यंत लाभकारी है।
बड़ी संख्या में लोग रहे उपस्थित रहे।

शिविर में सिविल सर्जन सह मुख्य अधीक्षक डॉ. आयुष जायसवाल, जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री अशरफ अंसारी, नोडल डॉक्टर डॉ. अभय जुगल तिर्की, जिला अस्पताल आरएमओ डॉ. कार्तिकेय, शिशिर जायसवाल, प्रियंका कुरील, कोरिया जिले की आरबीएसके टीम, मीडिया प्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में जिलेवासी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ