सुशासन सप्ताह के तहत पटना में विकासखंड स्तरीय विशेष शिविर आयोजित, प्रशासन गाँव की ओर अभियान में जनभागीदारी जरूरी – कलेक्टर


जिला कोरिया। भारत सरकार द्वारा संचालित सुशासन सप्ताह प्रशासन गाँव की ओर अभियान के अंतर्गत जिले में 19 दिसंबर 2025 को नगर पंचायत पटना में विकासखंड स्तरीय विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीण स्तर पर लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना एवं शासकीय योजनाओं का लाभ सीधे हितग्राहियों तक पहुंचाना रहा।
यह विशेष शिविर सामाजिक कारण, धरती आबा अभियान, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, बाल विवाह प्रतिषेध एवं महिला सशक्तिकरण जैसी महत्वपूर्ण थीम पर आधारित रहा। शिविर के माध्यम से ग्रामीण नागरिकों की शिकायतों का मौके पर ही निराकरण किया गया तथा विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई, वहीं आयुष विभाग द्वारा आयुष काढ़ा एवं निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। समाज कल्याण विभाग द्वारा जरूरतमंदों को 3 ट्राइसिकल, 1 व्हीलचेयर एवं 15 छड़ियों का वितरण किया गया।स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा धरती आबा अभियान के तहत चयनित ग्रामों के 10 बच्चों को जाति प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। पशु चिकित्सा विभाग द्वारा विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए दवाइयों का वितरण किया गया।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 5 गर्भवती महिलाओं का गोदभराई कार्यक्रम आयोजित किया गया। साथ ही बाल विवाह उन्मूलन के उद्देश्य से स्कूली बच्चों द्वारा जागरूकता संदेश देते हुए नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया।
शिविर को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी ने कहा कि यह शासन की एक महत्वपूर्ण योजना है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण स्तर की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। उन्होंने जिले को बाल विवाह मुक्त बनाने के लिए समाज के सभी वर्गों से सहयोग की अपील की तथा बेटियों की शिक्षा पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि जो कार्य बेटा कर सकता है, वही कार्य बेटी भी कर सकती है, इसलिए सामाजिक उत्थान के लिए बेटियों का शिक्षित होना अत्यंत आवश्यक है।
जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने बताया कि भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेई की जयंती के अवसर पर प्रतिवर्ष सुशासन सप्ताह मनाया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य शासन और गांव के बीच मजबूत संवाद स्थापित करना है, ताकि प्रशासन आमजन की समस्याओं को समझकर त्वरित समाधान कर सके। उन्होंने कहा कि सामाजिक सुधार, महिला सशक्तिकरण एवं बेटी बचाओ अभियान इस कार्यक्रम के प्रमुख उद्देश्य हैं।
इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष वंदना राजवाड़े, जनपद पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी सिद्धार्थ खैरवार, नगर पंचायत पटना अध्यक्ष गायत्री सिंह, नगर पंचायत पटना अध्यक्ष गौरव अग्रवाल, संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, नगर पंचायत पटना के पार्षदगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ