सरई की छांव में सजा सुशासन सप्ताह का विशेष शिविर, स्वास्थ्य जांच से लेकर प्रमाण पत्र वितरण, पौधरोपण, आयुष्मान कार्ड और किसानों को मिली योजनाओं की सौगात

जिला कोरिया। भारत सरकार के सुशासन सप्ताह – प्रशासन गाँव की ओर अभियान के अंतर्गत जिले में 21 दिसंबर 2025 को सोनहत विकासखंड के ग्राम घूघरा में सुशासन सप्ताह के तृतीय चरण के अंतर्गत सरई के वृक्षों की छांव में भव्य विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में भरतपुर-सोनहत क्षेत्र की विधायक श्रीमती रेणुका सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहीं।


जल संरक्षण थीम पर आधारित बहुउद्देशीय शिविर
शिविर का आयोजन जल संरक्षण थीम पर आधारित रहा, जिसमें विभिन्न विभागों द्वारा अपनी-अपनी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई तथा पल्स पोलियो अभियान के अंतर्गत 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई।

आयुष विभाग द्वारा निःशुल्क आयुष काढ़ा एवं औषधियों का वितरण किया गया। कृषि विभाग द्वारा 10 किसानों को मसूर बीज तथा 5 वनाधिकार पट्टाधारी किसानों को पावर स्प्रेयर प्रदान किए गए।
प्रमाण पत्र व सहायता वितरण

अनुविभाग सोनहत द्वारा शिविर मे आय प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, सीमांकन प्रकरण, जनहानि प्रमाण पत्र का वितरण किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा छत्तीसगढ़ महिला कोष योजना के अंतर्गत 2 महिलाओं को चेक प्रदान किए गए।
‘आवा पानी झोंकी’ अभियान के तहत जल संरक्षण का संदेश
“आवा पानी झोंकी” अभियान के अंतर्गत शिविर में जल संरक्षण के महत्व को दर्शाते हुए अतिथियों द्वारा आम के पौधों में पानी डालकर संदेश दिया गया। इस दौरान 5 प्रतिशत मॉडल प्रदर्शनी, सोख्ता गड्ढे का निर्माण तथा बड़े पैमाने पर पौधारोपण भी किया गया।
विधायक ने जल-जंगल संरक्षण का दिया संदेश

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्रीमती रेणुका सिंह ने कहा कि छुट्टी के दिन भी प्रशासन गांव तक पहुंचकर योजनाओं की जानकारी दे रहा है, जिसका लाभ सभी ग्रामीणों को उठाना चाहिए। उन्होंने जल और जंगल के संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि हम सौभाग्यशाली हैं कि प्रकृति ने हमें शुद्ध हवा और प्राकृतिक संसाधन दिए हैं, जिनका दुरुपयोग नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जल, जंगल और संस्कृति हमारी धरोहर है और यही हमारी पहचान है, इसका संरक्षण करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
कलेक्टर ने बताया सुशासन सप्ताह का महत्व

कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी ने सुशासन सप्ताह की जानकारी देते हुए बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस पर सुशासन दिवस मनाया जाता है तथा 19 से 25 दिसंबर तक सुशासन सप्ताह का आयोजन किया जाता है। इसी क्रम में घूघरा में यह बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया, जिससे प्रशासन सीधे ग्रामीणों की समस्याओं से रूबरू हो रहा है।

उन्होंने जंगलों में आगजनी की घटनाओं से बचने की अपील करते हुए कहा कि पेड़ पानी के बहाव को रोककर उसे भूमिगत करते हैं, जिससे भूजल स्तर बढ़ता है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने घरों में पौधे लगाने और सोख्ता गड्ढा बनाने का आग्रह किया।
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व ग्रामीण रहे उपस्थित
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री मोहित पैकरा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती वंदना राजवाड़े, जिला पंचायत सदस्य शिवकुमारी, जनपद सदस्य आशादेवी सोनपाकर, अनुविभागीय अधिकारी सोनहत, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ