जिला कोरिया। हाईवे मेन रोड फूलपुर–चरचा के पास मॉडिफाई साइलेंसर लगाकर तेज रफ्तार में स्टंट करना एक बाइक सवार को भारी पड़ गया। कोरिया यातायात पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत ₹9000 का चालान किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 31.12.2025 को अतीत पिता महेश खाखा, उम्र 19 वर्ष, निवासी फूलपुर चरचा, अपनी पल्सर मोटरसाइकिल में मॉडिफाई साइलेंसर लगाकर वाहन को अत्यधिक तेज गति से चलाते हुए स्टंट कर रहा था। बाइक की आवाज अत्यंत तेज होने से सड़क पर आवागमन कर रहे लोगों को असुविधा हो रही थी। मौके पर मौजूद कोरिया यातायात पुलिस ने तत्काल वाहन को रोककर कार्रवाई की।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक कोरिया श्री रवि कुमार कुर्रे ने स्पष्ट कहा कि सड़क पर स्टंट करने वालों एवं मॉडिफाई साइलेंसर लगाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। यातायात नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
1 से 31 जनवरी तक चलेगा यातायात सप्ताह छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार दिनांक 01.01.2026 से 31.01.2026 तक यातायात सप्ताह का आयोजन किया जाएगा। इसका शुभारंभ 01 जनवरी 2026 को शाम 4:00 बजे, रक्षित केंद्र बैकुंठपुर में पुलिस अधीक्षक कोरिया श्री रवि कुमार कुर्रे द्वारा किया जाएगा।
यातायात सप्ताह के दौरान जनजागरूकता के लिए हेलमेट रैली, पंपलेट के माध्यम से प्रचार-प्रसार, तथा स्कूल–कॉलेजों में निबंध, रंगोली और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं जैसे विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा सके।
0 टिप्पणियाँ