क्षेत्रीय विधायक भइया लाल राजवाड़े ने स्वास्थ्य को लेकर सोशल मीडिया पर भावुक संदेश साझा किया


जिला कोरिया। क्षेत्रीय विधायक भइया लाल राजवाड़े ने अपने स्वास्थ्य को लेकर सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश साझा किया है। उन्होंने बताया कि उपचार के दौरान जब वे घर से दूर अस्पताल के कमरे में अकेलापन महसूस कर रहे थे, उस कठिन समय में क्षेत्र के शुभचिंतकों का साथ उनके लिए सबसे बड़ी ताकत बना।
विधायक श्री राजवाड़े ने कहा कि जब उनके शहर के लोग उनसे मिलने अस्पताल पहुंचे, तो उन्हें ऐसा महसूस हुआ मानो दवाइयों से अधिक उनके अपनों का स्नेह और समर्थन असर कर गया हो। उन्होंने अपने संदेश में लिखा कि रिश्ते केवल खून से नहीं, बल्कि भावनाओं से बनते हैं और क्षेत्रवासी ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति हैं।
उन्होंने जानकारी दी कि 38 दिनों के उपचार के बाद वे अब अस्पताल से डिस्चार्ज होकर रायपुर स्थित अपने धर्मपुरा निवास पहुंच चुके हैं और पहले से काफी स्वस्थ महसूस कर रहे हैं। डॉक्टरों ने उन्हें आगामी 10 दिनों तक रायपुर में रहकर फिजियोथैरेपी कराने की सलाह दी है।
विधायक भइया लाल राजवाड़े ने कहा कि कुछ दिनों में पूर्णतः स्वस्थ होकर वे पुनः क्षेत्रवासियों के बीच उपस्थित होकर जनसेवा के लिए तत्पर रहेंगे। उन्होंने अपने शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इसके साथ ही उन्होंने ITSA हॉस्पिटल के समस्त स्टाफ का हृदय से धन्यवाद किया। विशेष रूप से हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. राजकुमार बरनवाल, श्री सुनील बलानी एवं डॉ. सचिन के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि चिकित्सकों एवं स्टाफ की सतत देखभाल और परिश्रम से ही आज वे स्वस्थ महसूस कर रहे हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ