जिला कोरिया। जिले में राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस के अंतर्गत आयोजित होने वाले पल्स पोलियो अभियान को लेकर कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सम्पन्न हुई। बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह द्वारा अभियान की विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत की गई।
बैठक में बताया गया कि पल्स पोलियो अभियान के अंतर्गत जिले के 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को 21 दिसंबर से 23 दिसंबर 2025 तक पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी।
अभियान के प्रथम दिवस 21 दिसंबर को प्रातः 8 बजे से शाम 5 बजे तक सभी पोलियो बूथों पर बच्चों को ड्रॉप्स पिलाई जाएगी, जबकि 22 एवं 23 दिसंबर को घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक दी जाएगी।
बैठक उपरांत कलेक्ट्रेट परिसर से पल्स पोलियो जागरूकता रथ को कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी एवं जिला पंचायत अध्यक्ष श्री मोहित पैकरा द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह रथ जिले के पहुंचविहीन एवं संवेदनशील क्षेत्रों में जाकर आमजन को पोलियो अभियान के प्रति जागरूक करेगा।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि बाहर जाने वाले तथा बाहर से आने वाले बच्चों पर विशेष ध्यान रखा जाए। इसके लिए हाट-बाजार, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, ईंट-भट्ठों, झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्रों एवं शहरी स्लम एरिया में विशेष टीमें तैनात की जाएंगी।
कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि प्रथम दिवस में कम से कम 80 प्रतिशत बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाना सुनिश्चित किया जाए। ट्रांजिट टीम अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करे तथा ग्रामीण एवं दुर्गम क्षेत्रों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
उन्होंने अभियान के शत-प्रतिशत क्रियान्वयन हेतु माइक्रोप्लान तैयार कर जिला एवं विकासखंड स्तर पर गठित टीमों द्वारा सतत मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। बूथ लेवल पर बस स्टैंड, टोल टैक्स, रेलवे स्टेशन एवं बाजारों में बैनर-पोस्टर एवं प्रचार सामग्री उपलब्ध कराने के साथ गांवों में मुनादी एवं लाउडस्पीकर के माध्यम से प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए।
पोलियो वाइल्ड वायरस के प्रसार को रोकने के लिए गठित इमरजेंसी प्रिपेयर्डनेस एवं रैपिड रिस्पांस टीम का उन्मुखीकरण करने तथा एईएफआई (विशेष जोखिम परिस्थितियों) से निपटने हेतु आवश्यक किट उपलब्ध रखने के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग की टीम को निर्धारित समय सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक अभियान संचालित करने तथा किसी भी स्थिति में पोलियो बूथ समय से पूर्व बंद न करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और वैक्सीन की गुणवत्ता बनाए रखते हुए सभी कार्य सुचारू रूप से संपादित किए जाएं।
बैठक में जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. आयुष जायसवाल, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग, विकासखंड चिकित्साधिकारी बैकुंठपुर, सोनहत एवं बचरापोडी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ