जिला कोरिया। ग्रामीण विकास को समेकित एवं सशक्त दिशा देने के उद्देश्य से कोरिया जिले में विकसित भारत जी-राम-जी योजना का क्रियान्वयन किया जा रहा है। इस योजना के सफल कार्यान्वयन और व्यापक जनजागरूकता के लिए जिले की सभी ग्राम पंचायतों में ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया, जिसमें योजना के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
कलेक्टर कोरिया श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशानुसार आयोजित ग्राम सभाओं में जनप्रतिनिधियों, पंजीकृत श्रमिक परिवारों एवं ग्रामीणजनों को महात्मा गांधी नरेगा के परिवर्तित स्वरूप की विस्तृत जानकारी दी गई। ग्राम सभाओं के माध्यम से ग्रामीणों को बताया गया कि नरेगा अब जी-राम-जी अर्थात विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) अधिनियम, 2025 के रूप में अधिक व्यापक और समेकित रूप में लागू किया जा रहा है।
कलेक्टर द्वारा विशेष रूप से ग्राम सभाओं में पेसा अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी देने के निर्देश दिए गए थे, ताकि अनुसूचित क्षेत्रों के ग्रामीण अपने अधिकारों, ग्राम सभा की भूमिका एवं सहभागिता को भली-भांति समझ सकें। साथ ही जी-राम-जी योजना के अंतर्गत रोजगार, आजीविका, परिसंपत्ति निर्माण एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने से जुड़े प्रमुख बिंदुओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई।
राज्य कार्यालय द्वारा जी-राम-जी योजना के प्रमुख बिंदुओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देशों के अनुरूप जिले भर में आयोजित ग्राम सभाओं में ग्रामीणों की शंकाओं का समाधान किया गया और उन्हें योजना से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने बताया कि यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन के साथ-साथ आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।
ग्राम सभाओं में ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली और उन्होंने योजना को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया व्यक्त की। प्रशासन का मानना है कि विकसित भारत जी-राम-जी के माध्यम से जिले में चंहुमुखी ग्रामीण विकास को नई गति मिलेगी।
0 टिप्पणियाँ