चरचा कॉलरी।साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड एसईसीएल बैकुंठपुर क्षेत्र के रिजनल अस्पताल में 31 दिसंबर 2025 का दिन एक भावुक, गौरवपूर्ण और ऐतिहासिक अवसर के रूप में दर्ज हो गया, जब अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय सिंह ने लगभग 27 वर्षों की निष्कलंक, निष्ठावान और समर्पित सेवा के उपरांत औपचारिक रूप से सेवानिवृत्ति ग्रहण की। इस अवसर पर अस्पताल परिसर में सम्मान, कृतज्ञता और आत्मीयता से भरा वातावरण देखने को मिला।
डॉ. संजय सिंह ने अपने सेवाकाल की शुरुआत दिसंबर 1998 में चरचा स्थित एसईसीएल रिजनल अस्पताल में शिशु रोग विशेषज्ञ के रूप में की थी। वर्षों के अनुभव, संवेदनशील दृष्टिकोण और कर्मठ कार्यशैली के चलते वे बाद में मुख्य चिकित्सा अधिकारी के पद तक पहुंचे। उनके कार्यकाल में रिजनल अस्पताल ने चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता, अनुशासन और मानवीय संवेदना के क्षेत्र में नई पहचान बनाई। कोयला श्रमिकों, उनके परिजनों तथा स्थानीय नागरिकों के बीच डॉ. सिंह एक विश्वसनीय और समर्पित चिकित्सक के रूप में जाने जाते रहे।
इस दौरान मुख्य अतिथि बैकुंठपुर क्षेत्र महाप्रबंधक बीएन झा, सह क्षेत्र प्रबंधक संजय कुमार, बैकुंठपुर क्षेत्र वरिष्ठ कार्मिक प्रबंधक गौरव दुबे, क्षेत्रीय कल्याण मंडल समिति के सदस्य, भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपा विश्वकर्मा, पार्षद श्रीमती रामकली पाल, काजल मोदी, चरचा आरओ वरिष्ठ कार्मिक प्रबंधक हीरा सिंह, ददन राम, चिकित्सकगण, अधिकारी, एरिया जेसीसी एवं कर्मचारीगण विशेष रूप से उपस्थित रहे।
सेवानिवृत्ति समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. संजय सिंह ने कहा,दिसंबर 1998 में मैंने चरचा रिजनल अस्पताल में शिशु रोग विशेषज्ञ के रूप में कार्यभार संभाला था। इन वर्षों में एसईसीएल प्रबंधन, सहकर्मी चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और कर्मचारियों से जो सहयोग मिला, उसी के कारण मैं अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सका। यह अस्पताल मेरे लिए कार्यस्थल नहीं, बल्कि परिवार रहा है। मरीजों की सेवा करना मेरे जीवन का सबसे बड़ा संतोष रहा। उन्होंने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे सेवानिवृत्ति के बाद भी समाजसेवा और स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े रहेंगे।
इस अवसर पर बैकुंठपुर क्षेत्र के महाप्रबंधक बी.एन. झा ने कहा डॉ. संजय सिंह ने अपने लंबे सेवाकाल में न केवल चिकित्सा दायित्वों का निर्वहन किया, बल्कि अस्पताल को एक मजबूत और अनुशासित संस्थान के रूप में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाई। शिशु रोग विभाग से लेकर समग्र स्वास्थ्य सेवाओं तक उनका योगदान अनुकरणीय है। एसईसीएल परिवार उनकी सेवाओं को सदैव सम्मान के साथ स्मरण रखेगा।उन्होंने डॉ. सिंह के स्वस्थ, सक्रिय और सुखद सेवानिवृत्त जीवन की कामना की।
इसी अवसर पर नवनियुक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्रीमती एस. मिंज को औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण करने पर शुभकामनाएं दी गईं। महाप्रबंधक बी.एन. झा सहित उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि डॉ. एस. मिंज के नेतृत्व में रिजनल अस्पताल की चिकित्सा सेवाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी तथा कोयला श्रमिकों व क्षेत्रवासियों को बेहतर, त्वरित और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों, चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ एवं कर्मचारियों ने डॉ. संजय सिंह को भावभीनी विदाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की, वहीं नए मुख्य चिकित्सा अधिकारी के सफल कार्यकाल की शुभेच्छाएं प्रेषित की गईं।
0 टिप्पणियाँ