चिरायु योजना से नित्या राजवाड़े को मिला नया जीवन, जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित 4 वर्षीय बच्ची का निःशुल्क सफल ऑपरेशन



जिला कोरिया। राज्य शासन की महत्वाकांक्षी चिरायु योजना बच्चों के लिए जीवनदायिनी साबित हो रही है। इसी योजना के माध्यम से कोरिया जिले के बैकुंठपुर विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम पतरापाली निवासी नित्या राजवाड़े (उम्र 4 वर्ष 7 माह) को नया जीवन मिला है। नित्या, पिता श्री बबलू राजवाड़े एवं माता श्रीमती अनिता राजवाड़े की पुत्री है तथा आंगनबाड़ी केंद्र पतरापानी-1 में पंजीकृत है।

नित्या जन्म से ही जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित थी। उसे अक्सर कमजोरी, जल्दी थकान, सांस लेने में परेशानी एवं बार-बार सर्दी-खांसी की शिकायत रहती थी। चिरायु टीम द्वारा नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान नित्या की गंभीर स्थिति को पहचानते हुए चिकित्सक ने उसे जिला चिकित्सालय बैकुंठपुर रेफर किया।

जिला चिकित्सालय में शिशु रोग विशेषज्ञ द्वारा जांच के बाद जन्मजात हृदय रोग की पुष्टि हुई। इसके पश्चात बेहतर उपचार हेतु नित्या को एम.एम.आई. नारायणा हॉस्पिटल, रायपुर रेफर किया गया।

निःशुल्क हुआ सफल ऑपरेशन

चिरायु योजना के अंतर्गत नित्या को नारायणा हॉस्पिटल, रायपुर में भर्ती कराया गया। आवश्यक चिकित्सकीय जांचों के बाद विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा उसका सफल हृदय ऑपरेशन किया गया। उपचार उपरांत नित्या को स्वस्थ अवस्था में अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया। इस संपूर्ण उपचार की लागत चिरायु योजना के अंतर्गत पूरी तरह निःशुल्क वहन की गई।

परिजनों ने जताया आभार

वर्तमान में नित्या राजवाड़े पूरी तरह स्वस्थ है और सामान्य बच्चों की तरह जीवन व्यतीत कर रही है। नित्या के माता-पिता ने चिरायु टीम, पटना तथा स्वास्थ्य विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “चिरायु योजना ने हमारी बेटी को नया जीवन दिया है। यह योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है।”

चिरायु योजना के माध्यम से समय पर पहचान और समुचित उपचार कर अनेक बच्चों का जीवन बचाया जा रहा है, जो शासन की संवेदनशीलता और जनकल्याणकारी सोच को दर्शाता है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ