जिला प्रशासन कर रहा है प्रत्येक हितग्राही से सतत संवाद, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) में प्रगति हेतु निरीक्षण एवं मॉनिटरिंग तेज



जिला कोरिया। कलेक्टर कोरिया श्रीमती चंदन त्रिपाठी के निर्देशन में जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के त्वरित एवं प्रभावी क्रियान्वयन हेतु जिला प्रशासन द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। योजना की प्रगति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा प्रत्येक हितग्राही से प्रत्यक्ष संवाद स्थापित किया जा रहा है।
इसी क्रम में हाल ही में कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी ने जिलेभर के सरपंचों, पंचायत सचिवों एवं तकनीकी सहायकों की समीक्षा बैठक लेकर आवास निर्माण की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की थी तथा सभी संबंधित अधिकारियों को हितग्राहियों से नियमित संपर्क बनाए रखने एवं निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए थे।

कलेक्टर के निर्देशों के अनुपालन में जिला पंचायत कोरिया के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने विकासखण्ड बैकुंठपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत डुमरिया का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने डोर-टू-डोर निरीक्षण कर हितग्राहियों से सीधे संवाद किया और उन्हें शीघ्र आवास निर्माण पूर्ण करने के लिए प्रेरित किया।
डॉ. चतुर्वेदी ने उन हितग्राहियों से भी चर्चा की, जिन्हें योजना के अंतर्गत राशि प्राप्त हो चुकी है, लेकिन अभी तक आवास निर्माण प्रारंभ नहीं किया गया है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अनावश्यक विलंब, लापरवाही अथवा टालमटोल को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। समयबद्ध आवास निर्माण न होने की स्थिति में कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई किए जाने की चेतावनी भी दी गई।

उन्होंने हितग्राहियों को समझाइश देते हुए कहा कि समय पर आवास निर्माण कर योजना का पूर्ण लाभ लें, ताकि उन्हें सुरक्षित, स्थायी एवं सम्मानजनक आवास मिल सके।

निरंतर मॉनिटरिंग के निर्देश

भ्रमण के दौरान जिला एवं जनपद स्तर के अधिकारियों-कर्मचारियों को निर्माणाधीन आवासों की नियमित मॉनिटरिंग, फील्ड विजिट बढ़ाने तथा कार्य की प्रगति में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर जनपद पंचायत के सीईओ, ग्राम पंचायत सरपंच, सचिव, सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ