चरचा आरओ रीजनल हॉस्पिटल में 15 केएलडी अपशिष्ट उपचार संयंत्र का लोकार्पण

चरचा कॉलरी। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड एसईसीएल बैकुंठपुर क्षेत्र के चरचा आरओ रीजनल हॉस्पिटल में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए 15 केएलडी किलोलीटर प्रतिदिन क्षमता वाले अपशिष्ट उपचार संयंत्र ईटीपी का लोकार्पण किया गया।

यह लोकार्पण कार्यक्रम 31 दिसंबर 2025 बुधवार को सम्पन्न हुआ। संयंत्र का उद्घाटन महाप्रबंधक, बैकुंठपुर क्षेत्र बी.एन. झा के करकमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार सिंह, सह क्षेत्र प्रबंधक संजय कुमार, बैकुंठपुर क्षेत्र वरिष्ठ कार्मिक प्रबंधक गौरव दुबे, क्षेत्रीय कल्याण मंडल समिति के सदस्य, भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपा विश्वकर्मा, पार्षद श्रीमती रामकली पाल, काजल मोदी, चरचा आरओ वरिष्ठ कार्मिक प्रबंधक हीरा सिंह, ददन राम, चिकित्सकगण, अधिकारी, एरिया जेसीसी एवं कर्मचारीगण विशेष रूप से उपस्थित रहे।
नवस्थापित ईटीपी संयंत्र के माध्यम से अस्पताल से निकलने वाले अपशिष्ट जल का वैज्ञानिक पद्धति से उपचार किया जाएगा, जिससे पर्यावरण प्रदूषण को रोकने के साथ-साथ स्वच्छता एवं स्वास्थ्य मानकों में भी सुधार होगा। यह संयंत्र अस्पताल परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में स्वच्छ वातावरण बनाए रखने में सहायक सिद्ध होगा।
महाप्रबंधक श्री बी.एन. झा ने कहा कि एसईसीएल बैकुंठपुर क्षेत्र पर्यावरण संरक्षण एवं स्वास्थ्य सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। चरचा आरओ रीजनल हॉस्पिटल में 15 केएलडी क्षमता वाले अपशिष्ट उपचार संयंत्र की स्थापना से अस्पताल से निकलने वाले अपशिष्ट जल का वैज्ञानिक, सुरक्षित एवं पर्यावरण-अनुकूल निस्तारण सुनिश्चित होगा।

उन्होंने कहा कि यह पहल न केवल पर्यावरण प्रदूषण को रोकने में सहायक होगी, बल्कि कर्मचारियों, मरीजों एवं आसपास के नागरिकों के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है। भविष्य में भी एसईसीएल द्वारा सतत विकास, स्वच्छता और पर्यावरण संतुलन से जुड़ी ऐसी योजनाओं को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने कहा कि एसईसीएल प्रबंधन पर्यावरण संरक्षण, कर्मचारी स्वास्थ्य एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति निरंतर प्रतिबद्ध है। चरचा आरओ रीजनल हॉस्पिटल में स्थापित यह अपशिष्ट उपचार संयंत्र उसी दिशा में एक सराहनीय और दूरदर्शी कदम है।
लोकार्पण अवसर पर उपस्थित जनों ने इस पहल की प्रशंसा करते हुए इसे क्षेत्र के लिए उपयोगी एवं आवश्यक बताया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ