वर्ष 2025 के अंतिम जनदर्शन में दिखा संवेदनशील प्रशासन, फरियादियों ने की पहल की सराहना
जिला कोरिया। आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दर्शाते हुए कोरिया जिले की कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी ने वर्ष 2025 के अंतिम साप्ताहिक जनदर्शन कार्यक्रम का आयोजन कलेक्ट्रेट परिसर में खुले आसमान के नीचे किया। कड़ाके की ठंड के बीच मीठी धूप में आयोजित इस जनदर्शन में कलेक्टर ने स्वयं उपस्थित रहकर दूर-दराज से आए फरियादियों की समस्याएँ गंभीरता से सुनीं।
जनदर्शन कार्यक्रम में बैकुंठपुर, पटना, सोनहत एवं पोड़ी-बचरा विकासखंडों से आए नागरिकों ने अपनी व्यक्तिगत, सामाजिक एवं प्रशासनिक समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी ने प्रत्येक आवेदन को ध्यानपूर्वक पढ़ते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित, समयबद्ध एवं नियमसम्मत निराकरण के स्पष्ट निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि यह वर्ष 2025 का अंतिम जनदर्शन कार्यक्रम था, जिसे विशेष रूप से नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए महात्मा गांधी की प्रतिमा के समीप खुले वातावरण में आयोजित किया गया। इस अवसर पर सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे, जिससे आम नागरिकों को अपनी बात सीधे प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर मिला।
कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने कहा कि प्रशासन की जिम्मेदारी केवल आवेदन प्राप्त करने तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक समस्या का संवेदनशीलता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ समाधान करना प्रशासन का दायित्व है। उन्होंने कहा कि ठंड के मौसम में नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसी उद्देश्य से जनदर्शन को खुले आसमान के नीचे धूप में आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान भूमि से जुड़े मामलों—जैसे अवैध कब्जा हटाने, बंटांकन, नामांतरण, नक्शा प्रदाय, लंबित राशि के भुगतान, शासकीय योजनाओं के लाभ, पेंशन एवं अन्य प्रशासनिक विषयों से संबंधित कुल 40 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आवेदनों का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए तथा आवेदकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जनदर्शन में आए नागरिकों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि खुले वातावरण में, धूप में बैठकर अपनी समस्याएँ रखने का अवसर मिलना राहत भरा अनुभव रहा। फरियादियों ने कलेक्टर द्वारा सीधे संवाद कर समस्याएँ सुनने और तत्काल निर्देश देने की कार्यप्रणाली की प्रशंसा की।
कार्यक्रम में अपर कलेक्टर श्री सुरेंद्र वैध सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और जनदर्शन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।
0 टिप्पणियाँ