जिला कोरिया।महिलाओं को खेल, फिटनेस एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) द्वारा नारी शक्ति खेल महोत्सव का भव्य आयोजन दिनांक 12 एवं 13 दिसंबर 2025 को बी.के. दास मेमोरियल स्टाफ क्लब, SECL बैकुंठपुर क्षेत्र में किया गया। यह दो दिवसीय आयोजन श्रद्धा महिला मंडल, बिलासपुर के तत्वावधान में तथा सौम्य महिला समिति, SECL बैकुंठपुर क्षेत्र के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का नेतृत्व समिति की अध्यक्ष श्रीमती पूनम झा ने किया।
खेल महोत्सव में SECL की महिला कर्मचारियों एवं कर्मचारियों की पत्नियों सहित 150 से अधिक महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतिभागियों के लिए बैडमिंटन, शतरंज, कैरम, शॉर्ट ट्रैक रेस, रिले रेस जैसी प्रतिस्पर्धात्मक खेल गतिविधियों के साथ-साथ चम्मच-नींबू दौड़, मटका दौड़, तीन टांग दौड़, जलेबी दौड़ एवं रस्सी कूद जैसे मनोरंजक खेलों का भी आयोजन किया गया। सभी प्रतियोगिताओं में महिलाओं ने पूरे जोश, उमंग और खेल भावना के साथ भाग लिया।
विभिन्न खेल स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली लगभग 50 महिला प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुरस्कार वितरण के दौरान उपस्थित महिलाओं का उत्साह देखते ही बनता था।
इस अवसर पर अध्यक्ष श्रीमती पूनम झा ने अपने संबोधन में कहा कि फिटनेस दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा है और महिलाओं को ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि खेल एवं फिटनेस आधारित जीवनशैली न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाती है, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास एवं टीम वर्क जैसे गुणों का भी विकास करती है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर यह जानकारी भी दी गई कि इस खेल महोत्सव में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली चयनित प्रतिभागियों का अगले सप्ताह हसदेव क्षेत्र में आयोजित होने वाले फाइनल इवेंट के लिए चयन किया जाएगा।
कुल मिलाकर, SECL द्वारा आयोजित यह नारी शक्ति खेल महोत्सव महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य जागरूकता तथा सकारात्मक कार्यसंस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में एक प्रेरणादायी एवं सराहनीय पहल साबित हुआ।
0 टिप्पणियाँ