कोरिया पुलिस द्वारा साइबर सुरक्षा संवाद कार्यक्रम का आयोजन, आमजन को किया गया जागरूक

कोरिया। साइबर अपराधों के प्रति आम नागरिकों में जागरूकता बढ़ाने, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार को प्रोत्साहित करने तथा साइबर ठगी से बचाव के उद्देश्य से आज पुलिस अधीक्षक महोदय के निर्देशन में जिला साइबर सेल द्वारा “साइबर संवाद कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम माननीय पुलिस महानिरीक्षक महोदय के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ, जिसमें वे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए माननीय पुलिस महानिरीक्षक महोदय ने साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों पर चिंता व्यक्त की और आम नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी साझा करने के दुष्परिणाम, सोशल मीडिया के दुरुपयोग तथा डिजिटल लेन-देन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों पर विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल 1930 हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज करें अथवा www.cybercrime.gov.in पोर्टल पर रिपोर्ट करें। विशेष रूप से युवाओं, छात्रों एवं वरिष्ठ नागरिकों से अतिरिक्त सतर्कता बरतने का आग्रह किया गया। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस कभी भी किसी की “डिजिटल गिरफ्तारी” नहीं करती, अतः डिजिटल अरेस्ट जैसे बहकावे में न आएं और ऐसे मामलों की तुरंत पुलिस को सूचना दें।

सायबर संवाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आम नागरिकों एवं महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल, पुलिस अधीक्षक (उप) राजेश साहू, साइबर सेल प्रभारी विनोद पासवान, साइबर सेल की टीम, पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में साइबर सेल द्वारा अन्य जिलों एवं राज्यों से बरामद किए गए गुम मोबाइल फोन का वितरण माननीय पुलिस महानिरीक्षक महोदय के करकमलों से किया गया। अपने खोए मोबाइल वापस पाकर लाभार्थियों के चेहरे खिल उठे और सभी ने कोरिया पुलिस एवं माननीय पुलिस महानिरीक्षक महोदय के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस आयोजन के माध्यम से कोरिया पुलिस ने नागरिकों को सुरक्षित, सजग और जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ